प्रयागराज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। बोर्ड की ओर से परीक्षा केंद्रों को अंतिम रूप दे दिया गया है। प्रदेशभर में कुल 8033 परीक्षा केंद्रों पर बोर्ड परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
बोर्ड के अनुसार, कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 के बीच संपन्न कराई जाएंगी। इस बार परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की संख्या भी काफी अधिक है, जिसे देखते हुए बोर्ड ने व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती है।
52 लाख से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल।
यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 के लिए कुल 52 लाख 30 हजार 297 परीक्षार्थी पंजीकृत किए गए हैं।
इनमें हाईस्कूल (10वीं) के 27 लाख 50 हजार 945 परीक्षार्थी,
इंटरमीडिएट (12वीं) के 24 लाख 79 हजार 352 परीक्षार्थी शामिल हैं।
इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों के चयन में सुरक्षा, संसाधन और सुचारु संचालन को प्राथमिकता दी है।
परीक्षा केंद्रों पर रहेगी कड़ी निगरानी
बोर्ड सूत्रों के अनुसार, सभी परीक्षा केंद्रों पर सख्त निगरानी व्यवस्था लागू की जाएगी। नकल रोकने के लिए केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती और उड़नदस्तों की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी।
यूपी बोर्ड का कहना है कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। समय रहते केंद्रों के निर्धारण से विद्यालयों और छात्रों दोनों को तैयारी का पर्याप्त समय मिल सकेगा।
बोर्ड परीक्षाओं को लेकर छात्रों में जहां तैयारी का दौर तेज हो गया है, वहीं अभिभावक भी समय पर व्यवस्था पूरी होने से राहत महसूस कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here