शमशाबाद (फर्रुखाबाद): शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम पसियापुर (Village Pasiyapur) में बीती रात अज्ञात चोरों (Unknown thieves) ने दुस्साहसिक चोरी की वारदात को अंजाम देकर क्षेत्र में दहशत फैला दी। चोरों ने दीवार के सहारे दो बंद मकानों में घुसकर कमरों के ताले तोड़े और हजारों रुपये कीमत का गृहस्थी का सामान समेटकर फरार हो गए। ग्रामीणों द्वारा शोर मचाने पर अज्ञात चोरों ने फायर झोंक दिया, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पसियापुर निवासी जिलेदार तथा लखमीचंद पुत्रगढ़ हवलदार पिछले कई वर्षों से अपने परिवार सहित हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में रह रहे हैं। दोनों मकान गांव में बंद पड़े हुए थे। पीड़ित गृहस्वामियों के भाई मनीष कुमार ने बताया कि लगभग एक माह पूर्व उनके भाई गांव आए थे, जिसके बाद वापस हिमाचल चले गए थे। तभी से दोनों मकानों में ताले पड़े हुए थे।
बीती रात मध्य रात्रि के करीब, जब ग्रामीण कड़ाके की सर्दी के चलते अपने-अपने घरों में रजाइयों में दुबके हुए थे, तभी अज्ञात चोर पिछवाड़े की दीवार के सहारे मकानों में दाखिल हुए। चोरों ने कमरों के ताले तोड़कर अंदर जमकर तोड़फोड़ की और गृहस्थी का सामान समेट लिया। मकानों से आ रही खटपट की आवाज सुनकर कुछ ग्रामीणों को संदेह हुआ। जब ग्रामीणों ने शोर मचाना शुरू किया तो चोर चोरी का माल लेकर भागने लगे। ग्रामीणों ने लाठी-डंडों के साथ चोरों का पीछा किया, इसी दौरान अज्ञात चोरों ने ग्रामीणों को डराने के उद्देश्य से फायर झोंक दिया। फायरिंग की आवाज सुनते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई और चोर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
सुबह के समय शौच क्रिया के लिए जा रहे ग्रामीणों को गांव के बाहर एक बाग में कुछ घरेलू सामान बिखरा हुआ मिला, जिससे चोरी की घटना की पुष्टि हुई। पीड़ित गृहस्वामी के भाई मनीष कुमार ने बताया कि चोर क्या-क्या सामान ले गए हैं, इसकी जानकारी गृहस्वामियों के गांव आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घटना की सूचना ग्राम प्रधान को दी गई, जिन्होंने तत्काल पुलिस को अवगत कराया।
गौरतलब है कि इससे पूर्व भी शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम कुइया खेड़ा और कुइया संत सहित आठ घरों के ताले तोड़कर अज्ञात चोरों ने चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इसके अलावा अज्ञात चोरों ने राजकीय पशु चिकित्सालय फैज बाग का ताला तोड़कर भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। हालांकि, इन घटनाओं के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो चोरों को माल सहित गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन इसके बावजूद चोरी की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।
लगातार हो रही चोरी की वारदातों से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि चोरों की गिरफ्तारी के बावजूद चोरी की घटनाएं जारी हैं, जिससे पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल ग्राम प्रधान की सूचना पर शमशाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अज्ञात चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।


