30 C
Lucknow
Sunday, March 29, 2026

केंद्रीय बजट 2026-27 प्रदेश के विकास और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मजबूत कदम: संदीप सिंह

Must read

एटा: केंद्रीय बजट 2026-27 (Union Budget) को लेकर राज्य बेसिक शिक्षा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने शनिवार को एटा कलेक्ट्रेट सभागार (Etah Collectorate Auditorium) में आयोजित वार्ता के दौरान इसे प्रदेश के विकास, रोजगार सृजन और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई गति देने वाला बजट बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की दिशा में एक ठोस और व्यावहारिक रोडमैप प्रस्तुत करता है, जिसमें युवा, मध्य वर्ग और समग्र विकास को केंद्र में रखा गया है।

मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि केंद्रीय बजट शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बीच एक मजबूत सेतु बनकर उभरा है। शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं को भविष्य के अनुरूप तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया है। उन्होंने बताया कि बजट के तहत देशभर के 15 हजार विद्यालयों और 500 महाविद्यालयों में एनीमेशन, गेमिंग और वीएफएक्स लैब स्थापित की जाएंगी, जिससे विद्यार्थियों को नई तकनीक और रचनात्मक क्षेत्रों में अवसर मिल सकेंगे। साथ ही विश्वविद्यालयों को भविष्य में अधिक क्रिएटिव और डिजिटल बनाने के लिए भी विस्तृत योजना तैयार की गई है।

राज्य बेसिक शिक्षा मंत्री ने कहा कि बजट में सामाजिक समावेशन और महिला सशक्तिकरण का भी विशेष ध्यान रखा गया है। प्रत्येक जिले में गर्ल्स हॉस्टल के निर्माण का प्रावधान किया गया है, जिससे छात्राओं को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सकेगा। इसके अलावा एमएसएमई क्षेत्र को मजबूती देने के लिए इस पर आधारित एक स्थायी समिति की बैठक का प्रस्ताव भी बजट में शामिल किया गया है, जो रोजगार सृजन और आर्थिक मजबूती में अहम भूमिका निभाएगा।

उन्होंने आगे बताया कि बजट में हाई-स्पीड रेल और रेलवे विस्तार, राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास, बायोफार्मा शक्ति योजना, 36 जीवनरक्षक दवाओं पर शुल्क छूट, पर्यटन को बढ़ावा, रोजगार के नए अवसर और शहरी अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं को शामिल किया गया है। इन प्रावधानों से देश की आधारभूत संरचना मजबूत होगी और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, मारहरा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी, शीतलपुर ब्लॉक प्रमुख पुष्पेंद्र सिंह लोधी, जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्यप्रकाश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध योगेंद्र सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार, क्षेत्राधिकारी संकल्प दीप कुशवाहा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान बजट के विभिन्न प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई और इसे प्रदेश व देश के लिए दूरगामी लाभ देने वाला बताया गया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article