होली से पहले परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, क्षेत्र में शोक की लहर
शमशाबाद। नगर के मोहल्ला दरूद गिराह में शनिवार सुबह उस समय कोहराम मच गया, जब 35 वर्षीय युवक ने अपने ही घर में फांसी लगाकर (hanged himself) आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान स्वर्गीय खुशीराम के पुत्र सत्यवीर सिंह यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने बड़े भाई की मौत के सदमे से उबर नहीं पा रहा था और इसी मानसिक आघात के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
कमरे में लटका मिला शव, परिजनों में मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार सत्यवीर सिंह यादव शहर की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। उसके बड़े भाई सहवीर सिंह यादव, जो पेशे से ट्रक चालक थे, की लगभग आठ माह पूर्व सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। भाई की असामयिक मृत्यु के बाद से सत्यवीर गहरे सदमे में था और अक्सर गुमसुम व परेशान रहता था।
परिवार के लोगों ने बताया कि शुक्रवार को होली के मद्देनजर बड़े भाई की गमी उठाने के लिए रिश्तेदारों का आना-जाना लगा रहा। सत्यवीर भी अपने दूसरे मकान में रहने के लिए आ गया था। रात में वह अपने कमरे में सोने चला गया, जबकि परिवार के अन्य सदस्य पास के दूसरे मकान में थे। शनिवार सुबह लगभग 9 बजे छोटे भाई जसवीर सिंह जब सत्यवीर को बुलाने पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। कई बार आवाज लगाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने खिड़की से झांककर देखा तो सत्यवीर का शव छत के कुंडे से गमछे के सहारे लटका हुआ था। यह दृश्य देखते ही उनके होश उड़ गए और वह शोर मचाने लगे।
खिड़की तोड़कर निकाला गया शव
शोर सुनकर आसपास के मोहल्लेवासी मौके पर एकत्र हो गए। लोगों की मदद से खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया और दरवाजा खोला गया। शव को नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद शमशाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
थाना अध्यक्ष रमेश सिंह पाल ने बताया कि मृतक के भाई जसवीर सिंह की तहरीर पर पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय फतेहगढ़ भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
“इस बार होली पर दो-दो गमी उठेंगी”
परिजनों के अनुसार सत्यवीर अक्सर बहकी-बहकी बातें करता था और कहता था, “इस बार होली पर एक नहीं, दो-दो गमी उठेंगी।” उस समय परिवार के लोग उसकी बातों को गंभीरता से नहीं ले पाए, लेकिन अब उसकी कही बातें सच साबित होती दिखाई दे रही हैं। मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था और अविवाहित था। पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। बड़े भाई की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी भी उसी पर आ गई थी।
परिवार में मचा कोहराम
घटना के बाद मृतक की मां, भाभी और छोटे भाई समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में मातम पसरा हुआ है और मोहल्ले में शोक की लहर है। पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष विजय गुप्ता भी समर्थकों के साथ पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।


