बिजनौर। जिले में न्यायिक गरिमा को चुनौती देने वाली गंभीर घटना सामने आई है। चतुर्थ अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश निजेंद्र कुमार ने कार से कुचलकर हत्या के मामले में दो दोषियों—पिंटू चौहान और जयदीप को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।फैसला सुनते ही दोनों दोषी कोर्ट रूम में ही उग्र हो गए और कथित रूप से जज को खुलेआम धमकी दे डाली। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने जज से कहा कि उन्हें उनके घर और गांव का पता है। इस घटना से अदालत परिसर में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
यह मामला एक व्यक्ति को वाहन से कुचलकर मार डालने से जुड़ा था। सुनवाई के दौरान अदालत ने दोनों आरोपियों को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई। साथ ही आर्थिक दंड भी लगाया गया।
घटना के बाद न्यायाधीश ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए उच्च अधिकारियों को पत्र भेजा। जानकारी के अनुसार गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, पुलिस महानिरीक्षक एवं जिला जज को भी सूचित किया गया है। न्यायाधीश की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
कोर्ट रूम के भीतर सजा सुनाए जाने के तुरंत बाद जज को धमकी देने की घटना ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। न्यायपालिका को खुलेआम चुनौती देना यह संकेत देता है कि कुछ अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं।
बिजनौर में कोर्ट रूम में जज को धमकी, उम्रकैद सुनते ही बौखलाए दोषी


