फर्रुखाबाद। शहर के बढ़पुर स्थित मंदिर में पूजा करने गई दो महिलाओं की सोने की चेन अज्ञात महिलाओं द्वारा तोड़ लिए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद काफी खोजबीन की गई, लेकिन जब कोई सुराग नहीं लगा तो दोनों पीड़ित महिलाओं ने थाना कादरी गेट में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार बाला जी पुरम निवासी भाजपा नेता रामवीर शुक्ला की पत्नी कुमुद शुक्ला पूजा-अर्चना के लिए बढ़पुर स्थित मंदिर गई थीं। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात महिलाओं ने उनके गले से करीब 10 से 12 ग्राम सोने की चेन तोड़ ली और मौके से फरार हो गईं। घटना का पता चलने पर उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन आरोपित महिलाओं का कोई पता नहीं चल सका।
इसी तरह एक अन्य घटना में पत्रकार ओमप्रकाश शुक्ला के भतीजे की पत्नी सुधा उर्फ सनी शुक्ला, पत्नी पंकज शुक्ला निवासी नवाब नियामत खां पश्चिम करोड़ीलाल स्ट्रीट भी मंदिर में पूजा करने पहुंची थीं। पूजा करते समय भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात महिला ने उनके गले से करीब डेढ़ तोले की सोने की चेन तोड़ ली और फरार हो गई।
घटना के बाद दोनों महिलाओं ने मामले की जानकारी परिजनों को दी और काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं लगा तो उन्होंने थाना कादरी गेट में लिखित प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित पक्ष ने पुलिस से मंदिर परिसर में सक्रिय चेन स्नैचिंग करने वाली महिलाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जाएगी, ताकि आरोपितों का पता लगाया जा सके।


