फतेहपुर: असोथर थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मर्का रोड पर सिंधुतारा गांव के पास स्विफ्ट डिजायर कार (Swift Dzire) और ट्रैक्टर (tractor) की आमने-सामने टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतकों की पहचान पंजाब प्रांत के लुधियाना निवासी सतीश (28) और उनके ससुर राजकुमार (47) के रूप में हुई है। हादसे में घायल किशोर मोहित (13) को तत्काल एंबुलेंस की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत स्थिर बताई जा रही है।
परिजनों के अनुसार, सतीश अपनी बुआ के घर आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए असोथर थाना क्षेत्र के जरौली गांव आए थे। इसी दौरान मर्का रोड पर सिंधुतारा गांव के पास उनकी स्विफ्ट डिजायर कार की ट्रैक्टर से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों और स्थानीय लोगों ने आक्रोश जताते हुए कुछ देर हंगामा भी किया। सूचना पर असोथर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


