बाराबंकी: करंट की चपेट में आने से 2 किसानों (farmers) की मौत हो गई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों की लाश का पंचनामा कर पीएम के लिए भेजा। वहीं हादसे के गुस्साए ग्रामीणों ने बिजली विभााग पर गंभीर आरोप लगाते हंगामा किया। ग्रामीणों ने उचित कार्रवाई की मांग की है।
बता दें कि पूरा मामला असंद्रा थाना क्षेत्र के रतौली गांव का है, जहां रहने वाला एक किसान खेत जा रहा था। खेत में लगे एक बिजली के खंभे को टच कर दिया, जिसमें बिजली आ रही थी, जिससे किसान करंट की चपेट में आ गया। किसान को करंट की चपेट में आता देख गांव के ही दूसरे किसान ने बचाने की कोशिश की।
वहीं बचाने के चक्कर में दूसरा किसान भी करंट की चपेट में आ गया. घटना में दोनों की मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। दोनों मरने वाले किसान की पहचान रामकुमार पाल (50) और साहेब प्रसाद पाल (52) के रूप में हुई है। वहीं गांव के लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही करने का आरोप लगाया है।


