लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आईएएस अफसरों के तबादलों से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। हाल ही में जारी हुई सूची में आईएएस महेंद्र कुमार सिंह को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) रामपुर के रूप में नियुक्त किया गया था, लेकिन महज 12 घंटे के भीतर ही उनका फिर से तबादला कर दिया गया। अब उन्हें सीडीओ महाराजगंज बना दिया गया है। वहीं, उनकी जगह आईएएस गुलाब चंद को रामपुर का नया सीडीओ नियुक्त किया गया है।
दरअसल, आईएएस गुलाब चंद को पहले सीडीओ महाराजगंज बनाया गया था, लेकिन सरकार ने वह आदेश रद्द करते हुए उन्हें रामपुर भेज दिया। बताया जा रहा है कि यह फैसला प्रमुख सचिव नियुक्ति विभाग एम. देवराम ने जारी किया है, जिन्होंने 24 घंटे के भीतर ही अपने पुराने आदेश को पलट दिया।
सूत्रों के मुताबिक, इस तबादले के पीछे विशेष सिफारिश और दबाव को वजह माना जा रहा है। नौकरशाही हलकों में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि SCS कैडर के आईएएस अफसरों ने अपने ट्रांसफर रद्द और डायवर्ट करवाने में सफलता पाई, जबकि RR कैडर के कई अफसर अपनी पसंदीदा पोस्टिंग के लिए प्रयास करने के बावजूद सफल नहीं हो सके।
जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर और भी बड़े फेरबदल देखने को मिल सकते हैं। छोटे-छोटे तबादलों का सिलसिला जारी रहेगा।
बता दें कि यूपी सरकार ने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से पहले मंगलवार को ही तीन मंडलायुक्त, 10 जिलाधिकारी और 46 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए थे। इन्हीं में आईएएस महेंद्र कुमार सिंह और गुलाब चंद के नाम भी शामिल थे।
आईएएस महेंद्र कुमार सिंह इससे पहले अयोध्या में अपर जिलाधिकारी के पद पर कार्यरत थे। उनका तबादला पहले सीडीओ रामपुर किया गया, लेकिन 12 घंटे बाद ही उन्हें महाराजगंज भेज दिया गया। वहीं आईएएस गुलाब चंद, जो पहले अपर जिलाधिकारी मुरादाबाद थे, उन्हें पहले महाराजगंज भेजा गया था, पर आदेश बदलने के बाद अब वे सीडीओ रामपुर बन गए हैं।





