फर्रुखाबाद। महान वीर, हिंदवी स्वराज के प्रणेता छत्रपति शिवाजी महाराज की पुण्यतिथि पर जनपद में श्रद्धा और सम्मान के साथ उन्हें नमन किया गया। इसी क्रम में सरदार पटेल युवा वाहिनी द्वारा महरूपुर सहजू में पवन कटियार के आवास पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने शिवाजी महाराज के अद्वितीय साहस, कुशल नेतृत्व और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर भारत सरकार के आर्थिक सलाहकार डॉ. हरीशचंद्र पटेल ने कहा कि शिवाजी महाराज ने विपरीत परिस्थितियों में भी हिंदवी स्वराज की स्थापना कर देश के गौरव को पुनः स्थापित किया।
उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज केवल एक महान योद्धा ही नहीं, बल्कि एक आदर्श शासक भी थे, जिन्होंने अपनी प्रजा की सुरक्षा, महिलाओं के सम्मान और न्यायपूर्ण शासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनकी नीतियां आज भी समाज को दिशा देने का कार्य कर रही हैं।
वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि समाज को संगठित कर और शिक्षा के माध्यम से ही सर्वांगीण विकास संभव है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने शिवाजी महाराज के आदर्शों—साहस, स्वाभिमान, सत्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा—को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।अंत में सभी ने “जय शिवाजी, जय भवानी” के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन किया।
छत्रपति शिवाजी महाराज की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि- महरूपुर सहजू में हुआ कार्यक्रम


