फर्रुखाबाद: सिक्खों के दसवें गुरु गुरु गोविन्द सिंह जी के वीर साहिबजादों—जोरावर सिंह जी एवं फतेह सिंह जी—की अमर शहादत की स्मृति में 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार (Collectorate auditorium), फतेहगढ़ (Fatehgarh) में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को देश, धर्म और संस्कृति के लिए हुए महान बलिदानों से अवगत कराना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार गौड़, अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह एवं जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी ने वीर साहिबजादों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल चंद्र द्वारा अतिथियों के स्वागत एवं कार्यक्रम की संक्षिप्त रूपरेखा प्रस्तुत कर किया गया।
इस अवसर पर सांसद मुकेश राजपूत ने गुरु गोविन्द सिंह जी के साहिबजादों के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अल्पायु में रहते हुए भी उन्होंने धर्मांतरण को अस्वीकार कर धर्म की रक्षा हेतु अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे अनगिनत वीरों, माताओं, बहनों और बुजुर्गों के त्याग से ही भारत राष्ट्र की मजबूत नींव पड़ी है।
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने चमकौर युद्ध और साहिबजादों के अद्वितीय साहस का उल्लेख करते हुए कहा कि देश और धर्म के प्रति समर्पण की भावना से प्रेरित होकर दिया गया यह बलिदान सदैव देशवासियों के हृदय में अमिट रहेगा। उन्होंने युवाओं से इन आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित वीर बाल दिवस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया। इसके उपरांत उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया। कक्षा 8 की छात्रा मानसी व मन्नत सिंह तथा कक्षा 12 की छात्राएं आज्ञा मैविश, निहारिका दीक्षित, तान्या, स्नेहा गंगवार एवं किरण दुबे ने वीर बाल दिवस के अवसर पर प्रेरक भाषण एवं देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को भावनात्मक बना दिया।
वीर बाल दिवस सप्ताह के अंतर्गत माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजयी छात्र-छात्राओं, खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों तथा ताइक्वांडो में गोल्ड एवं सिल्वर पदक प्राप्त करने वाली बेटियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन संरक्षण अधिकारी सचिन सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर परियोजना निदेशक कपिल कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक नरेन्द्र पाल सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुनील कुमार श्रीवास्तव सहित जिला प्रोबेशन कार्यालय के समस्त कार्मिक उपस्थित रहे।


