शैलेन्द्र अग्निहोत्री
औरैया | (यूथ इंडिया संवाददाता) औरैया जिले में ठगी के एक संगठित और शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। दिबियापुर थाना पुलिस और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो नकली सोने की माला के जरिए लोगों को ठगने का काम कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई अजमतपुर रोड स्थित ब्रह्मदेव मंदिर के पास की गई, जहां घेराबंदी कर सभी आरोपियों को मौके से पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से करीब 4 किलो नकली पीली धातु (सोने जैसी दिखने वाली माला), ठगी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, तीन मोबाइल फोन और ₹24,500 नकद बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह गांवों, मेलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सक्रिय रहता था। आरोपी लोगों को “जमीन में गड़ा खजाना” मिलने की कहानी सुनाकर अपने जाल में फंसाते थे। पहले भरोसा जीतने के लिए असली सोने का छोटा टुकड़ा दिखाया जाता था, जिससे लोगों को विश्वास हो जाए। इसके बाद महंगी कीमत पर नकली सोने की माला थमा दी जाती थी और पैसे लेकर आरोपी मौके से फरार हो जाते थे। इस गैंग के खिलाफ पूर्व में दिबियापुर थाने में ठगी की शिकायत दर्ज की गई थी। उसी के आधार पर पुलिस ने योजना बनाकर निगरानी बढ़ाई और अंततः पूरे गिरोह को एक साथ गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 317(2) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच भी की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह गिरोह किन-किन क्षेत्रों में वारदातों को अंजाम दे चुका है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार के लालच, सस्ते सोने या “खजाना मिलने” जैसे झांसे में न आएं। अनजान लोगों से लेन-देन करते समय सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।


