22.9 C
Lucknow
Saturday, February 28, 2026

अवैध बसों पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, पांच वाहन जब्त

Must read

फर्रुखाबाद: होली पर्व से पहले जनपद में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने शनिवार को व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान बिना परमिट और आवश्यक दस्तावेजों के संचालन कर रही डग्गामार एवं स्कूल बसों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।

एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत ने रोडवेज एआरएम राजेश कुमार के साथ संयुक्त रूप से शहर और आसपास के मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। विशेष रूप से दिल्ली रूट से आने-जाने वाली निजी बसों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान एक बस बिना वैध परमिट संचालित होती मिली, जिस पर 70 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा दो अन्य बसों में कागजातों की कमी और नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर कुल 64 हजार रुपये का दंड अधिरोपित किया गया। तीनों बसों को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया।

इसी क्रम में नवाबगंज क्षेत्र में संचालित दो स्कूल बसों की भी जांच की गई। अधिकारियों को एक बस बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के चलती मिली, जबकि दोनों बसें निर्धारित परमिट के बिना संचालित हो रही थीं। इन पर संयुक्त रूप से 35 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया और वाहनों को निरुद्ध कर दिया गया।

अभियान के दौरान कुल पांच बसों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1 लाख 69 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। जब्त किए गए वाहनों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के फर्रुखाबाद बस स्टेशन परिसर में खड़ा कराया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के समय यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिना परमिट, बिना फिटनेस या अन्य आवश्यक दस्तावेजों के वाहन संचालन से यात्रियों की जान को खतरा रहता है। ऐसे में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article