एटा। जिले में ट्रांसफार्मरों से तांबा और तेल चोरी की लगातार हो रही घटनाओं का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। एटा पुलिस ने अलीगढ़ के छह शातिर बदमाशों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से एक कार, 3 लाख 49 हजार 200 रुपये नकद और करीब 25 किलो तांबा बरामद किया है। वहीं, इस गिरोह से जुड़े मेरठ के तीन आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिनकी तलाश के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार, हाल के दिनों में मिरहची, राजा का रामपुर, अलीगंज सहित कई थाना क्षेत्रों में ट्रांसफार्मरों से लाखों रुपये की कीमत का तांबा और तेल चोरी किया गया था। इन घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस की पांच टीमें गठित की गई थीं। सोमवार को पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली, जिसके आधार पर कासगंज रोड पर एक बिना नंबर प्लेट लगी स्विफ्ट डिजायर कार को रोका गया। कार में सवार छह लोगों से पूछताछ करने पर वे ट्रांसफार्मर चोरी गिरोह के सदस्य निकले।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राहुल निवासी मोहकमपुर थाना दादों, दुर्बीन निवासी अभयपुर थाना दादों, आकाश निवासी गिरधरपुर थाना दादों, अमित निवासी गिरधरपुर, लवकुश और अजय निवासी गिरधरपुर, जिला अलीगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी कर बेचे गए तांबे की रकम 3,49,200 रुपये नकद, 25 किलो तांबा, ट्रांसफार्मर खोलने के उपकरण और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है।
पुलिस ने बताया कि इस गिरोह में मेरठ जनपद के थाना जानी क्षेत्र के रसूलपुर निवासी फईम, सिवाल खास निवासी नाजिम और एक अन्य आरोपी भी शामिल हैं, जो फिलहाल फरार हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह गौतमबुद्ध नगर सहित विभिन्न जिलों में ट्रांसफार्मरों से चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। कुल नौ मुकदमों में इस गिरोह की संलिप्तता पाई गई है।
घटना का पर्दाफाश करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने बताया कि समय रहते ट्रांसफार्मर चोरी की वारदातों का खुलासा कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं पर लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।


