– बिजली विभाग सतर्क
हरदोई। जिले में बिजली के उपकरणों और ट्रांसफार्मरों के कीमती कलपुर्जों पर हाथ साफ करने वाला गिरोह सक्रिय हो गया है। कोतवाली देहात क्षेत्र में लगातार दो बड़ी चोरी की घटनाओं के बाद विद्युत विभाग में हड़कंप मच गया है। हालात को देखते हुए विभाग ने आम जनता के लिए अलर्ट जारी करते हुए सतर्क रहने की अपील की है।
पहली घटना 1 फरवरी की रात उमरौली गांव में सामने आई, जहां चोरों ने 250 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर को निशाना बनाया। चोरी की जानकारी मिलते ही विद्युत विभाग ने तत्काल कोतवाली देहात में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी ही थी कि चोरों ने एक और वारदात को अंजाम दे दिया।
दूसरी घटना 3 फरवरी की रात रेलवे लाइन चांदमारी के पास हुई। यहां चोरों ने 400 केवीए के ट्रांसफार्मर को चोरी करने का प्रयास किया। हालांकि आसपास के लोगों के जाग जाने से चोर पूरा ट्रांसफार्मर नहीं ले जा सके, लेकिन उसका कीमती तेल और लीड चोरी कर फरार हो गए।
विद्युत विभाग के अधिकारियों का कहना है कि गिरोह रात के अंधेरे का फायदा उठाकर गांवों और मोहल्लों में लगे ट्रांसफार्मरों को निशाना बना रहा है। इससे न केवल विभाग को आर्थिक नुकसान हो रहा है, बल्कि क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से चोरों की तलाश में जुटी है। वहीं, विद्युत विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि यदि रात के समय ट्रांसफार्मर या बिजलीघरों के आसपास कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत नजदीकी पुलिस चौकी या विभागीय अधिकारियों को सूचना दें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


