फर्रुखाबाद। जिले के डॉ राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय परिसर में चल रहा ट्रॉमा सेंटर बिल्डिंग का निर्माण कार्य अब मरीजों, खासकर गर्भवती महिलाओं के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। निर्माण कार्य के चलते महिला अस्पताल के प्रसव कक्ष (लेबर रूम) तक जाने वाले मुख्य मार्ग को खोद दिया गया है, जिससे एंबुलेंस और अन्य वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई है।
स्थिति यह है कि प्रसव पीड़ा से जूझ रहीं महिलाओं को समय पर लेबर रूम तक पहुंचाना चुनौती बन गया है। एंबुलेंस को अब मजबूरी में पुरुष अस्पताल की ओर से होकर घुमावदार रास्ते से गुजरना पड़ रहा है। इस वैकल्पिक मार्ग की हालत बेहद खराब है, जहां जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं, जिससे मरीजों को भारी झटकों और दर्द का सामना करना पड़ रहा है।
परिजनों का कहना है कि पहले ही प्रसव के दौरान महिलाओं की हालत नाजुक रहती है, ऐसे में खराब रास्ते से ले जाने पर उनकी तकलीफ और बढ़ जाती है। कई बार एंबुलेंस को धीरे-धीरे चलना पड़ता है, जिससे इलाज में देरी होने का खतरा भी बना रहता है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले वैकल्पिक मार्ग की समुचित व्यवस्था नहीं की गई, जो प्रशासन की बड़ी लापरवाही को दर्शाता है। अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को रोजाना इस समस्या से जूझना पड़ रहा है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि या तो जल्द से जल्द मार्ग को दुरुस्त किया जाए या फिर प्रसव कक्ष तक पहुंचने के लिए अलग से सुगम रास्ता बनाया जाए, ताकि प्रसूताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ट्रॉमा सेंटर निर्माण बना मुसीबत, प्रसव कक्ष तक पहुंचने में जूझ रहीं प्रसूताएं


