कानपुर
सजेती थाना क्षेत्र के मेहरअलीपुर गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें खेत से लौट रही एक महिला की ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबकर मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल फैल गया है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी शैलजा देवी (38), पत्नी स्वर्गीय मनीष कुमार, गेहूं की कतराई कराने के लिए खेत गई थीं। काम खत्म करने के बाद वह गल्ला लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने घर लौट रही थीं।
बताया गया कि जैसे ही ट्रैक्टर-ट्रॉली घर के पास पहुंची, अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया। ट्रैक्टर के असंतुलित होते ही महिला घबरा गईं और जल्दबाजी में नीचे उतर गईं, लेकिन इसी दौरान पीछे चल रही ट्रॉली पलटकर उनके ऊपर गिर गई।
ट्रॉली के नीचे दबने से महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सजेती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कार्रवाई की बात कही है।
घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोग इस हादसे को बेहद दुखद और असहनीय बता रहे हैं।


