17 C
Lucknow
Monday, February 9, 2026

पतंग उड़ाते समय दर्दनाक हादसा, छज्जे में निकली सरिया से किशोर की मौत

Must read

 

जोनिहा/फतेहपुरl एक हादसे में 12 वर्षीय किशोर की जान चली गई। दोमंजिला मकान की बाउंड्रीविहीन छत पर पतंग उड़ाते समय उसका पैर फिसल गया और वह नीचे पड़ोसी के छज्जे पर गिर पड़ा। छज्जे पर निकली लोहे की सरिया उसके शरीर को चीरती हुई आर-पार हो गई, जिससे मौके पर ही उसकी हालत गंभीर हो गई।

यह घटना बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के धानेमऊ गांव की है। गांव निवासी कमर अली का पुत्र शहजान अली प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पांच का छात्र था। रविवार शाम वह पड़ोसी मुबारक के दोमंजिला मकान की छत पर पतंग उड़ाने गया था। खेल-खेल में वह छत के किनारे पहुंच गया, जहां संतुलन बिगड़ने से उसका पैर फिसल गया और वह करीब दस फीट नीचे गिर पड़ा।

नीचे गिरते ही शहजान पास के ही जागेश्वर के मकान के छज्जे पर जा गिरा। वहां पहले से निकली करीब तीन फीट लंबी लोहे की सरिया उसके कमर से घुसकर पेट के आर-पार हो गई। दर्द से तड़पते शहजान की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े और परिजनों को सूचना दी गई।

ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद किशोर को सरिया से अलग किया और खून से लथपथ हालत में उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

शहजान के पिता कमर अली ने बताया कि एक साल पहले बीमारी से उनके बड़े बेटे अरमान की भी मौत हो चुकी है। मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करने वाले कमर अली पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि इस मामले में परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है, इसलिए फिलहाल पुलिस को कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article