रेड लाइट ऑन होने के बावजूद धड़ल्ले से गुजर रहे वाहन, हादसों का खतरा बढ़ा
फर्रुखाबाद। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए लगाए गए ट्रैफिक सिग्नल नियमों का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है। क्षेत्र के लाल गेट, वी आईटीआई चौराहा और कादरी गेट पर लगी रेड लाइट ऑन होने के बावजूद वाहन चालकों द्वारा नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। रेड लाइट जलने के बाद भी लगातार वाहनों की आवाजाही जारी है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इन प्रमुख चौराहों पर दिनभर ट्रैफिक का दबाव बना रहता है। रेड लाइट का उद्देश्य वाहनों की नियंत्रित आवाजाही और पैदल यात्रियों की सुरक्षा है, लेकिन वाहन चालक नियमों को नजरअंदाज कर तेज रफ्तार में चौराहों को पार कर रहे हैं। खासकर दोपहिया और ई-रिक्शा चालक सबसे अधिक नियमों का उल्लंघन करते नजर आ रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कई बार रेड लाइट पर वाहन न रुकने के कारण आमने-सामने टक्कर जैसी स्थिति बन जाती है। स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सड़क पार करने में खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग और यातायात पुलिस की ओर से सख्ती नजर नहीं आ रही है।
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि इन चौराहों पर यातायात पुलिस की नियमित तैनाती, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चालान, और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here