विधायक सुरभि के पति डॉ. अजीत गंगवार ने किया सर्वे का उद्घाटन, बाढ़ से सुरक्षा को तैयार होगी योजना
शमशाबाद, फर्रुखाबाद। क्षेत्र के कटरी इलाकों को बाढ़ से बचाने के उद्देश्य से गंगा नदी पर प्रस्तावित तटबंध निर्माण के लिए टोपोग्राफी सर्वेक्षण कार्य का शुभारंभ किया गया। ढाईघाट शमशाबाद स्थित कासिमपुर तराई में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इस सर्वेक्षण कार्य की शुरुआत विधायक सुरभि के पति डॉ. अजीत गंगवार ने की।
कार्यक्रम में सिंचाई विभाग, सिंचाई खंड फर्रुखाबाद के अधिशासी अभियंता सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि गंगा नदी के किनारे बसे गांवों को हर वर्ष आने वाली बाढ़ से सुरक्षित रखने के लिए तटबंध निर्माण की योजना तैयार की जा रही है। इसी योजना के तहत सबसे पहले क्षेत्र का टोपोग्राफी सर्वेक्षण कराया जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार इस सर्वेक्षण के माध्यम से भूमि की स्थिति, ऊंचाई, ढाल तथा संभावित निर्माण क्षेत्र का सटीक आंकलन किया जाएगा। सर्वेक्षण रिपोर्ट के आधार पर आगे तटबंध निर्माण की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे भविष्य में बाढ़ की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य कुंवर जीत सिंह उर्फ जीतू भैया, ग्राम प्रधान अनुज राजपूत, प्रधान पर्वत सिंह, प्रधान हरदत्त शाक्य, प्रधान सोरन सिंह तथा संजय राजपूत सहित कई जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के संभ्रांत लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने तटबंध निर्माण की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि तटबंध बनने से कटरी क्षेत्र के गांवों को हर वर्ष आने वाली बाढ़ की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि सर्वेक्षण कार्य जल्द पूरा कर तटबंध निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा।
इस पहल के लिए क्षेत्र के लोगों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने विधायक सुरभि तथा उनके पति डॉ. अजीत गंगवार की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना क्षेत्र के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी।


