फतेहपुर के सदर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार शाम गंगा नदी में नहाने के दौरान तीन युवक गहरे पानी में चले गए। हादसा देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से तीनों को नदी से बाहर निकाला गया और तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार पनी मोहल्ला निवासी 20 वर्षीय सनी वर्मा अपने दोस्तों हिमांशु और प्रिंस के साथ गंगा स्नान करने भिटौरा ओम घाट गया था। नहाते समय अचानक तीनों युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। यह देख वहां मौजूद लोगों ने तुरंत गोताखोरों को सूचना दी, जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला गया।
तीनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सनी वर्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसके दोनों साथियों हिमांशु और प्रिंस को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के पिता धर्मेंद्र और अन्य परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए, जहां परिवार में कोहराम मच गया। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक आलोक पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।.


