25.2 C
Lucknow
Monday, March 16, 2026

ईद की खरीदारी को निकले तीन किशोरों को ट्रक ने मारी टक्कर, दो की मौके पर मौत, एक गंभीर; हादसे से परिवारों में पसरा मातम

Must read

 

फिरोजाबाद। जिले में सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने त्योहार की खुशियों को शोक में बदल दिया। शिकोहाबाद क्षेत्र के नौशहरा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन किशोरों को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में दो दोस्तों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार सिरसागंज थाना क्षेत्र के सराय शेख गांव के रहने वाले उवैस (14), अनस (15) और अरहान (16) आपस में करीबी मित्र थे। सोमवार दोपहर तीनों बाइक से शिकोहाबाद बाजार ईद के कपड़े खरीदने के लिए निकले थे। रास्ते में प्रहलादराय टिकमानी फैक्टरी के पास बने कट से बाइक मोड़ते समय फिरोजाबाद की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनस और अरहान की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहा उवैस टक्कर के बाद दूर जा गिरा और बुरी तरह घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे ई-रिक्शा के जरिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे फिरोजाबाद के मेडिकल कॉलेज भेज दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के घरों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि अरहान अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों किशोरों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार ट्रक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

थाना प्रभारी अनुज कुमार के अनुसार पूरे मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही वाहन और उसके चालक की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article