शमशाबाद, फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र में उधारी का पैसा मांगना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया, जब आरोपियों ने गाली-गलौज के बाद लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया। इस घटना में पीड़ित और उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला अलेपुर पीत धूलेश्वर निवासी विनय बाबू पुत्र कमल बाबू 10 अप्रैल की सुबह करीब 11 बजे अपने उधार दिए गए पैसों का तकादा करने थाना क्षेत्र के ही गांव रमापुर पहुंचे थे। आरोप है कि जैसे ही उन्होंने सिद्ध कुमार यादव से पैसे की मांग की, वह आगबबूला हो गया और गाली-गलौज करने लगा।
पीड़ित के विरोध करने पर सिद्ध कुमार यादव ने अपने भाई अंशु यादव और एक भतीजे के साथ मिलकर विनय बाबू पर हमला कर दिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से जमकर मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर पास में मौजूद पीड़ित का भाई बीच-बचाव करने आया, लेकिन आरोपियों ने उसे भी नहीं बख्शा और उसके साथ भी मारपीट की।
मारपीट में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी तरह मौके से भागकर उन्होंने अपनी जान बचाई। इसके बाद पीड़ित ने शमशाबाद थाना पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की।
थानाध्यक्ष रमेश सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर सिद्ध कुमार यादव, अंशु यादव और एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
लाठी-डंडों से मारपीट, तीन आरोपियों पर मुकदमा दर्ज


