एटा। शहर में तीन नाबालिग बच्चियों के रहस्यमय ढंग से लापता होने से सनसनी फैल गई है। मुहल्ला बापू नगर की रहने वाली 12 से 14 वर्ष की तीन सहेलियां 31 जनवरी को दोपहर करीब 1:30 बजे अपने-अपने घरों से यह कहकर निकली थीं कि वे प्रदर्शनी देखने जा रही हैं, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लग सका है। बच्चियों के अचानक गायब होने से परिजन बेहद परेशान हैं और रो-रोकर उनका बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चियां अलग-अलग स्कूलों में पढ़ती हैं। इनमें एक बच्ची 12 वर्ष की है जो कक्षा आठ की छात्रा है, जबकि दो अन्य बच्चियों की उम्र करीब 14 वर्ष बताई गई है, जो कक्षा सात और नौ में पढ़ती हैं। तीनों एक ही गली की रहने वाली हैं और आपस में अच्छी सहेलियां हैं। जब काफी देर तक वे घर नहीं लौटीं तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने रिश्तेदारियों समेत आसपास के इलाकों और प्रदर्शनी स्थल पर तलाश की, लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
लगातार प्रयासों के बाद भी बच्चियों का पता न चलने पर परिजन शहर कोतवाली पहुंचे और मामले की तहरीर दी। पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बच्चियों के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस भी सक्रिय हो गई है। प्रदर्शनी स्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, हालांकि अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हाल ही में प्रदर्शनी से दो अन्य बच्चे भी लापता हुए थे, जिन्हें पुलिस टीमों ने समय रहते खोजकर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया था। इसी तरह इस मामले में भी सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
इंस्पेक्टर प्रेमपाल सिंह ने बताया कि बच्चियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं, सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और परिजनों के लगातार संपर्क में पुलिस बनी हुई है। उधर, परिजनों का कहना है कि उन्होंने हर संभावित जगह पर खोजबीन कर ली है, लेकिन बच्चियों का कहीं कोई पता नहीं चल रहा, जिससे उनकी चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।


