➤ ईमेल के जरिए मिली धमकी से मचा हड़कंप
➤ एसपी ने मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण
➤ पुलिस ने चलाया सघन सर्च अभियान
फतेहपुर। जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित प्रधान डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। धमकी ईमेल के माध्यम से दी गई, जिसकी सूचना मिलते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उनके निर्देश पर डाकघर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉयड की मदद से पूरे परिसर की बारीकी से जांच की गई। हालांकि शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन पुलिस ने एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
पुलिस अब उस ईमेल की जांच कर रही है, जिसके जरिए धमकी दी गई थी। साइबर टीम को भी सक्रिय कर दिया गया है, ताकि आरोपी तक जल्द पहुंचा जा सके। घटना के बाद डाकघर और आसपास के क्षेत्र में लोगों में दहशत का माहौल देखा गया, वहीं प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए सतर्कता बनाए रखने की अपील की है।
(यूथ इंडिया ब्यूरो)


