फर्रुखाबाद: थाना क्षेत्र के ग्राम नगला तिपेडन (Nagla Tipedan) में बुधवार रात अज्ञात चोरों (Thieves) ने एक के बाद एक कई घरों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। मुख्य वारदात में ध्रुव शाक्य के घर से करीब छह लाख रुपये कीमत के जेवरात और नकदी चोरी कर ली गई। लगातार हुई घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बताया गया कि चोर मकान के पीछे की ओर से चढ़कर छत के रास्ते अंदर दाखिल हुए। ऊपर बने कमरे का ताला तोड़कर अलमारी और बक्सों की तलाशी ली गई।
चोर दो सोने की अंगूठियां, मंगलसूत्र, सोने की जंजीर, एक जोड़ी झाले, आधा तोले का कमरबंद, दो जोड़ी पायल, आठ जोड़ी बिछिया, ‘हाय’ व ‘ओम’ के सोने के लॉकेट, बच्चों के दो जोड़ी खड़ुआ समेत अन्य जेवरात समेट ले गए। साथ ही नाती की गुल्लक में रखे लगभग 10 हजार रुपये और राममूर्ति के 800 रुपये भी चुरा लिए। घटना के समय परिवार के लोग नीचे के कमरों में सो रहे थे और उन्हें भनक तक नहीं लगी।
सुबह ध्रुव की बेटी दिव्या जब छत पर पहुंची तो कमरे का टूटा कुंडा देखकर घबरा गई और शोर मचाया। खोजबीन में घर से करीब आधा किलोमीटर दूर सरसों के खेत में खाली बक्से पड़े मिले। सूचना पर डायल 112 पुलिस और चौकी प्रभारी जसवीर सिंह मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
ग्रामीणों के अनुसार, चोरों ने उसी रात अन्य मकानों में भी हाथ साफ करने की कोशिश की। जगन्नाथ के पुत्र विजय के घर में घुसकर तलाशी ली गई, लेकिन कोई कीमती सामान नहीं मिला। विजय वर्तमान में परिवार सहित चंडीगढ़ में रहते हैं। इसी तरह रतिराम के पुत्र सुरजीत के घर में भी पीछे से प्रवेश कर कमरों की जांच की गई, परंतु कुछ न मिलने पर चोर वहां से निकल गए।
चौकी क्षेत्र के ग्राम धीरपुर में भी चोरों ने अजेंद्र सिंह के घर छत के रास्ते प्रवेश किया। बच्चों और उनकी माता के कमरे को बाहर से बंद कर अन्य कमरों में तलाश शुरू की गई। इसी बीच एक बच्चे के जाग जाने से आहट हो गई और चोर भाग निकले। यहां कोई सामान चोरी नहीं हो सका। लगातार वारदातों से ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द खुलासा करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि संदिग्धों की तलाश की जा रही है और जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।


