शमशाबाद, फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला ग्राम कुइयां संत का है, जहां अज्ञात चोरों ने घर के बाहर खड़ी ईको कार को निशाना बनाते हुए उसके पहिए खोल लिए और वाहन को करीब 4 किलोमीटर दूर ले जाकर छोड़ दिया। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जयपुर निवासी मोहम्मद यूनिस अपनी ईको कार (संख्या RJ 14 CZ 4333) से रिश्तेदारी में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम कुइयां संत स्थित अपने रिश्तेदार इश्ताक मंसूरी के घर आए थे। शुक्रवार रात करीब 10 बजे उन्होंने अपनी कार को गांव के ही लालू गंगवार पुत्र चंद्रावन गंगवार के घर के पास एक आहाते में खड़ा कर दिया था।
बताया गया है कि मध्य रात्रि के दौरान अज्ञात चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए कार को वहां से हटा लिया और करीब 4 किलोमीटर दूर कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर स्थित ग्राम गोविंदपुर जाने वाले संपर्क मार्ग के पास बंबे के किनारे खड़ा कर दिया। इसके बाद चोरों ने कार के सभी पहिए खोल लिए और मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी शनिवार सुबह उस समय हुई जब कार स्वामी मोहम्मद यूनिस वापस जयपुर जाने के लिए मौके पर पहुंचे। कार को गायब देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत रिश्तेदारों को सूचना दी, जिसके बाद ग्रामीणों के साथ मिलकर कार की तलाश शुरू की गई। कुछ देर बाद सूचना मिली कि एक ईको कार बिना पहियों के गोविंदपुर मार्ग के पास खड़ी है।
मौके पर पहुंचकर कार स्वामी ने वाहन की पहचान की, जहां कार बिना पहियों के खड़ी मिली। चोर कार के पहिए खोलकर ले जा चुके थे और एक पहिए की जगह अस्थायी सपोर्ट लगाकर वाहन को खड़ा किया गया था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पीड़ित से तहरीर देने को कहा है। कार स्वामी ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दे दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं ग्राम प्रधान प्रतिनिधि इस्लाम मंसूरी ने बताया कि गांव में इस तरह की घटना पहली बार हुई है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। उन्होंने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।
घर के बाहर खड़ी ईको कार के पहिए खोलकर ले गए, 4 किमी दूर लावारिस मिली गाड़ी


