18 C
Lucknow
Tuesday, February 10, 2026

दो वर्षों में भी पूरी नहीं हुई पाइपलाइन योजना, नगर पंचायत अध्यक्ष शमशाबाद ने जल निगम को लिखा कड़ा पत्र

Must read

ऊबड़-खाबड़ सड़कों से हो रही दुर्घटनाएं, जिलाधिकारी को भी भेजी गई शिकायत

शमशाबाद, फर्रुखाबाद (नगर संवाददाता): शासन की महत्वाकांक्षी योजना हर घर नल से जल (अमृत 2.0) के अंतर्गत शमशाबाद नगर क्षेत्र में बीते दो वर्षों से चल रहा पाइपलाइन (pipeline) बिछाने का कार्य अब नगरवासियों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बनता जा रहा है। लंबा समय बीत जाने के बावजूद भी कार्य पूर्ण न होने पर नगर पंचायत अध्यक्ष शमशाबाद (Municipal Council President Shamshabad) जोया शाह फारूखी ने अधिशासी अभियंता, निर्माण प्रभाग, उत्तर प्रदेश जल निगम (शहरी), फर्रुखाबाद को कड़ा शिकायती पत्र भेजा है।

नगर पंचायत अध्यक्ष ने पत्र में स्पष्ट रूप से कहा है कि दो वर्ष गुजर जाने के बाद भी पाइपलाइन बिछाने का कार्य अधूरा पड़ा है। नगर की गलियों और मुख्य सड़कों पर लगातार खुदाई के कारण सड़कें व गलियां ऊबड़-खाबड़ हो चुकी हैं, जिससे आमजन आए दिन दुर्घटनाओं का शिकार हो रहा है। कई स्थानों पर छोटे वाहन तक नहीं निकल पा रहे हैं, जबकि बड़े वाहनों का गुजरना तो पूरी तरह मुश्किल हो गया है।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि खुदाई के कारण नगर में जाम जैसी स्थिति बनी रहती है। अक्सर देखा गया है कि ऊबड़-खाबड़ गलियों से गुजरते समय लोग गिरकर घायल हो जाते हैं। विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के चलते नगर की सूरत बदसूरत होती जा रही है। नगर पंचायत अध्यक्ष ने विशेष रूप से बजरिया चौराहे के पास स्थित प्रसिद्ध ऐतिहासिक चौमुखी महादेव मंदिर मार्ग का मुद्दा भी उठाया है।

उन्होंने बताया कि उक्त मार्ग का निर्माण 15वें वित्त आयोग की धनराशि से प्रस्तावित है, लेकिन जल निगम द्वारा सीवर/पाइपलाइन का कार्य पूर्ण न किए जाने के कारण सड़क निर्माण बाधित है। चौमुखी महादेव मंदिर शमशाबाद का एक प्रमुख ऐतिहासिक व धार्मिक स्थल है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए आते हैं। खुदाई के चलते मार्ग पर गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं।

नगर पंचायत अध्यक्ष ने जल निगम को चेतावनी देते हुए कहा है कि नगर में डलवाई जा रही पाइपलाइन का कार्य अतिशीघ्र पूर्ण कर नगर पंचायत को अवगत कराया जाए, अन्यथा नगर निकाय शमशाबाद को विधिक कार्रवाई के लिए विवश होना पड़ेगा। बताया गया है कि अधिशासी अभियंता जल निगम को भेजे गए इस शिकायती पत्र की एक प्रति जिलाधिकारी फर्रुखाबाद को भी भेज दी गई है, ताकि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर संज्ञान ले सके।

गौरतलब है कि शमशाबाद नगर क्षेत्र में पिछले दो वर्षों से हर घर नल से जल योजना के अंतर्गत लगातार खुदाई का कार्य कराया जा रहा है, लेकिन कार्य की धीमी गति और लापरवाही के चलते नगरवासियों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगर में इस योजना को लेकर विभागीय लापरवाही की चर्चाएं आम हो गई हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article