– 6 फरवरी 2022 को यूथ इंडिया मंच से वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने की थी दमदार घोषणा
– बजट स्वीकृति से लेकर निर्माण तक दिखाई सक्रिय भूमिका, सीएम योगी की विशेष रही नजर
– – संदीप सक्सेना
फर्रुखाबाद: लिंक एक्सप्रेस-वे (Link Expressway) परियोजना को लेकर फर्रुखाबाद (Farrukhabad) में जमीनों के बैनामों की प्रक्रिया तेज हो गई है। प्रशासनिक स्तर पर तेजी के साथ कागजी कार्रवाई आगे बढ़ रही है। किसान यूनियन द्वारा समय-समय पर दर्ज कराए गए विरोध के बावजूद परियोजना की रफ्तार थमती नहीं दिख रही।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार अधिग्रहण प्रक्रिया के तहत बड़ी संख्या में बैनामे दर्ज किए जा रहे हैं, जिससे यह स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि परियोजना अब निर्णायक चरण में प्रवेश कर चुकी है।
यूथ इंडिया मंच से हुई थी ऐतिहासिक घोषणा
गौरतलब है कि 6 फरवरी 2022 को आयोजित यूथ इंडिया के एक कार्यक्रम(पत्रकार सम्मेलन ) में उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने मुख्य अतिथि के रूप में लिंक एक्सप्रेस-वे की दमदार घोषणा की थी।
उस समय उन्होंने न केवल परियोजना को मंजूरी दिलाने की प्रतिबद्धता जताई थी, बल्कि इसके लिए बजट उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया था। बाद में वित्तीय स्वीकृति मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विशेष सहमति और बजट आवंटन के साथ यह परियोजना औपचारिक रूप से आगे बढ़ी।
विरोध के बीच भी जारी रही प्रक्रिया
परियोजना के दौरान किसान यूनियन द्वारा मुआवजे और भूमि अधिग्रहण को लेकर विरोध दर्ज कराया गया। कुछ स्थानों पर धरना-प्रदर्शन भी हुए। हालांकि प्रशासनिक संवाद और सरकारी स्तर पर आश्वासन के बाद प्रक्रिया निरंतर जारी रही। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि वित्त मंत्री सुरेश खन्ना की सक्रिय भूमिका और प्रदेश सरकार की इच्छाशक्ति के कारण परियोजना विरोध के बावजूद आगे बढ़ सकी।
लिंक एक्सप्रेस-वे बनने से फर्रुखाबाद को प्रदेश के प्रमुख शहरों से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। व्यापार, निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने की संभावना है। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि एक्सप्रेस-वे से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और संपत्ति के मूल्य में भी वृद्धि होगी। फर्रुखाबाद के सांसद विधायक सभी जनप्रतिनिधियों ने इस परियोजना के लिए सरकार से विशेष रूप से की थी गुजारिश।
सरकारी सूत्रों का कहना है कि परियोजना को समय से पूर्ण करने के लिए निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने भी पहले स्पष्ट किया था कि विकास कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।अब बैनामों की तेजी यह संकेत दे रही है कि लिंक एक्सप्रेस-वे परियोजना अपने लक्ष्य की ओर मजबूती से बढ़ रही है।


