16 C
Lucknow
Sunday, February 8, 2026

गोदभराई के अगले ही दिन प्रधान के भतीजे की संदिग्ध हालात में मौत, तालाब किनारे गोली लगा शव मिलने से गांव में सनसनी

Must read

इटावा: ताखा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुइता सरैया गांव (Kuita Saraiya Village) में रविवार सुबह एक दर्दनाक और रहस्यमयी घटना सामने आई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। गांव के प्रधान के भतीजे का शव (body) गांव से बाहर तालाब के किनारे पड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान ओमबाबू उर्फ नीलू (28) निवासी ग्राम कुइता सरैया के रूप में हुई है। युवक के सीने में गोली लगी हुई थी, जबकि शव के पास एक तमंचा भी बरामद किया गया है, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ओमबाबू का शव गांव से करीब पांच सौ मीटर दूर सरसई नावर–ताखा मार्ग से लगभग दो सौ मीटर अंदर एक तालाब के किनारे पड़ा हुआ था। रविवार सुबह जब ग्रामीण शौच के लिए तालाब की ओर गए, तो उन्होंने युवक का शव पड़ा देखा। देखते ही देखते यह खबर गांव में आग की तरह फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे, जहां शव को देखकर परिजनों में कोहराम मच गया।

परिजनों ने ओमबाबू की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि ओमबाबू का किसी से कोई विवाद नहीं था और वह सामान्य जीवन जी रहा था। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे हत्या बता रहे हैं, तो कुछ आत्महत्या की आशंका जता रहे हैं, हालांकि परिजन इस बात को सिरे से खारिज कर रहे हैं।

घटना को और भी दुखद बनाने वाली बात यह है कि शनिवार को ही ओमबाबू की गोदभराई की रस्म औरैया जनपद के उमडेरी गांव में संपन्न हुई थी। इस कार्यक्रम के बाद पूरे परिवार में खुशी का माहौल था और शादी की तैयारियों को लेकर चर्चा चल रही थी। लेकिन गोदभराई के अगले ही दिन ओमबाबू की मौत की खबर से खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।

परिजनों के अनुसार ओमबाबू रविवार तड़के करीब चार बजे घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। सुबह करीब सात बजे ग्रामीणों के माध्यम से परिजनों को उसके शव मिलने की सूचना मिली। परिजनों का कहना है कि यदि यह आत्महत्या होती तो वह घर से निकलने से पहले कुछ संकेत जरूर देता, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं था।

घटना की सूचना मिलते ही ताखा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर गहनता से जांच की और साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के रास्तों, खेतों और तालाब क्षेत्र का निरीक्षण किया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला गंभीर और संवेदनशील है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत हत्या है या आत्महत्या। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। गांव में पुलिस की मौजूदगी बनी हुई है, जबकि घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article