कासगंज: नगर निकायों के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में प्रदेश सरकार (state governmentने कासगंज नगरपालिका परिषद (Municipality) को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री वैश्विक नगर उदय योजना के तहत पालिका परिषद को कुल 18 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस धनराशि से पालिका परिसर का व्यापक कायाकल्प किया जाएगा, जिससे न सिर्फ प्रशासनिक सुविधाएं बेहतर होंगी, बल्कि आम नागरिकों को भी आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
नगर विकास विभाग द्वारा संचालित योजना के अंतर्गत पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में पालिका परिसर के जीर्णोद्धार और विकास के लिए प्रस्ताव पारित कर शासन को भेजा गया था। बोर्ड द्वारा लगभग 20 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया था, जिसके सापेक्ष शासन स्तर पर विचार के बाद नगर विकास विभाग ने तीन खंडों में कुल 18 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। शासनादेश पालिका को प्राप्त हो चुका है।
स्वीकृत धनराशि के तहत पालिका परिसर में एक आधुनिक दो मंजिला भवन का निर्माण कराया जाएगा, जिसके लिए लगभग साढ़े आठ करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। इसके साथ ही पालिका परिसर में ही एक भव्य बरात घर और व्यावसायिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा, जिस पर करीब नौ करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा नगर क्षेत्र के दो प्रमुख मार्गों के सीसीकरण के लिए 49 लाख 81 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
पालिका भवन और बरात घर के निर्माण कार्य के लिए कार्यदायी संस्था के रूप में सीएनडीएस को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि नगर के प्रमुख मार्गों के सीसीकरण का कार्य स्वयं नगरपालिका परिषद द्वारा कराया जाएगा। इससे निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने में मदद मिलेगी। पालिका अध्यक्ष मीना माहेश्वरी ने बताया कि बोर्ड की सहमति से शासन को प्रस्ताव भेजा गया था और इसके लिए लगातार पहल की गई। शासन से 18 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद पालिका परिसर के कायाकल्प का रास्ता साफ हो गया है। उन्होंने कहा कि इससे नगरवासियों को बेहतर प्रशासनिक सुविधाओं के साथ-साथ सामाजिक आयोजनों के लिए भी आधुनिक स्थल उपलब्ध होगा।
नगर विकास विभाग की ओर से जारी शासनादेश के बाद अब लेआउट और डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पालिका भवन के विस्तार और बरात घर के निर्माण के लिए विस्तृत नक्शा बनाया जाएगा, जिस पर विभाग के तकनीशियन काम करेंगे। सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार कर शासन को भेजे जाएंगे। इसके बाद निर्माण कार्य औपचारिक रूप से शुरू किया जाएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि आगामी दो महीनों के भीतर विकास कार्यों को गति मिल जाएगी, जिससे कासगंज शहर के स्वरूप में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।


