नगर आयुक्त के साथ भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा,,
शाहजहांपुर। महानगर क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का सख्त रुख जारी है। गुरुवार को दिनांक 05 फरवरी 2026 को नगर निगम के प्रवर्तन दस्ता और संपत्ति विभाग के संयुक्त अभियान में जीआईसी तिराहा स्थित WE Love Shahjahanpur से लोधीपुर को जाने वाले मार्ग की दाहिनी पटरी पर एक ही परिवार के विभिन्न सदस्यों द्वारा वर्षों से किए गए अवैध अतिक्रमण को शांतिपूर्ण ढंग से हटवाया गया।
अभियान के दौरान नगर आयुक्त ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और कार्रवाई की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान और अधिक सख्ती से चलाया जाए। नगर आयुक्त ने बताया कि अतिक्रमण मुक्त कराई गई इस भूमि को नगरवासियों के लिए सौंदर्यीकरण करते हुए विकसित किया जाएगा, ताकि आमजन को इसका लाभ मिल सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान बिना किसी रुकावट के निरंतर जारी रहेगा। नगर निगम की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है और यातायात व्यवस्था में भी सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।


