– चित्रकूट धाम,कादमगिरी पीठाधीश्वर स्वामी रामस्वरूपाचार्य जी महाराज के मुखारविंद से श्रद्धालु हो रहे भावविभोर
फर्रुखाबाद। शहर के प्राचीन गुड़गांव देवी मंदिर प्रांगण में इन दिनों आयोजित श्रीराम कथा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। कथा का वाचन कदमगिरी पीठ, चित्रकूट के पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामस्वरूपाचार्य जी महाराज के पावन मुखारविंद से किया जा रहा है, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो रहे हैं।
कथा के दौरान स्वामी रामस्वरूपाचार्य जी महाराज ने भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, त्याग और धर्म के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन मानव समाज के लिए आदर्श और प्रेरणा का स्रोत है। श्रीराम कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि जीवन को सही दिशा देने का माध्यम है।
कथा में उन्होंने बताया कि श्रीराम ने अपने जीवन में सत्य, मर्यादा और कर्तव्य को सर्वोपरि रखा और यही कारण है कि उन्हें मर्यादा पुरुषोत्तम कहा जाता है। स्वामी जी ने कहा कि यदि मनुष्य श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाए तो समाज में शांति, प्रेम और सद्भाव स्थापित हो सकता है।
कथा के दौरान भक्ति गीतों और श्रीराम के चरित्र के भावपूर्ण वर्णन से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु भजन और जयकारों के साथ कथा का आनंद लेते नजर आए।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और सभी ने स्वामी रामस्वरूपाचार्य जी महाराज के प्रवचनों को ध्यानपूर्वक सुना तथा उनके आशीर्वाद प्राप्त किए। मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।


