एटा। जनपद के अलीगंज विकासखंड के ग्राम अमरोली रतनपुर में शुक्रवार को स्वतंत्रता संग्राम की वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी का बलिदान दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने एकत्र होकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत वीरांगना की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर की गई, जहां उपस्थित लोगों ने उनके अदम्य साहस, वीरता और देशभक्ति को नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि रानी अवंतीबाई लोधी ने अंग्रेजों के खिलाफ स्वतंत्रता संग्राम में जिस बहादुरी का परिचय दिया, वह इतिहास के पन्नों में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। उनका जीवन संघर्ष और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत है।
ग्रामीणों ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 20 मार्च को उनका बलिदान दिवस मनाया जाता है, जिससे युवा पीढ़ी को देशभक्ति, साहस और त्याग की भावना से प्रेरित किया जा सके। इस दौरान युवाओं को रानी अवंतीबाई के जीवन, संघर्ष और उनके योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि वे राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को समझ सकें।
कार्यक्रम में भाजपा की जिला उपाध्यक्ष कुमारी आशीष राजपूत ने कहा कि रानी अवंतीबाई लोधी का जीवन त्याग, समर्पण और संघर्ष का प्रतीक है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी कभी हार नहीं मानी और देश की स्वतंत्रता के लिए अंतिम सांस तक संघर्ष करती रहीं। उनका बलिदान समाज को सदैव प्रेरित करता रहेगा।
उन्होंने नारी शक्ति के प्रतीक के रूप में रानी अवंतीबाई के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन आज भी महिलाओं को सशक्त बनने और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देता है। साथ ही उन्होंने लोगों से उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने वीरांगना के बताए मार्ग पर चलने और देश सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक दिलीप कुमार राजपूत (पूर्व प्रधान), जिला मंत्री अभिषेक गोपाल शर्मा, मंडल उपाध्यक्ष विजय, जिला उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह कश्यप, पूर्व प्रधान सत्यभान सिंह, एडवोकेट संजीव राजपूत, मंडल अध्यक्ष नवीन राजपूत, बूथ अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


