कौशांबी
जिले के कोखराज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक संवेदनशील घटना सामने आई, जहां 16 वर्षीय किशोरी मां की डांट से नाराज होकर कुएं में कूद गई। उसे बचाने के लिए उसका प्रेमी भी तुरंत कुएं में उतर गया। घटना से गांव में हड़कंप मच गया, लेकिन ग्रामीणों और पुलिस की तत्परता से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत कार्य शुरू किया। काफी प्रयास के बाद दोनों को कुएं से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए मूरतगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया।
डॉक्टरों के अनुसार, दोनों को हल्की चोटें आई थीं और उनकी हालत खतरे से बाहर है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इसके बाद परिजन दोनों को अपने-अपने घर ले गए। इस घटना के बाद परिवार और गांव में काफी चर्चा का माहौल रहा।
जानकारी के मुताबिक, किशोरी और उसका प्रेमी एक ही गांव के रहने वाले हैं। किशोरी नाबालिग है और अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी, लेकिन कम उम्र के कारण परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे। दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत चल रही थी, जिसे लेकर परिवार में नाराजगी थी।
शुक्रवार को जब किशोरी अपने प्रेमी से फोन पर बात कर रही थी, तभी उसकी मां ने उसे डांट दिया। इसी बात से आहत होकर उसने यह कदम उठाया। थाना प्रभारी सीबी मौर्य ने बताया कि दोनों अब सुरक्षित हैं और परिजनों को बुलाकर काउंसलिंग के बाद उन्हें सौंप दिया गया है।


