हरदोई । थाना सवायजपुर क्षेत्र के सिनौली ओवरब्रिज के पास रविवार को तेज रफ्तार का खौफनाक मंजर देखने को मिला, जहां कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अल्लाहगंज से एक इको कार में सवार बाराती कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान सिनौली ओवरब्रिज के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार लंकुश पुत्र परमेश्वरी, गोविंद पुत्र सुरेश और दीपू पुत्र संतराम की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में बाइक सवारों का एक अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं इको कार में सवार कई बाराती भी इस दुर्घटना में घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि कुछ लोग मौके से अपने निजी साधनों से भी चले गए।
घटना की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक अतुल गुप्ता अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सवायजपुर भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने तीनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
थाना अध्यक्ष सवायजपुर ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सिनौली ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। लोगों ने यहां सख्त ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है।
तेज रफ्तार का कहर: कार-बाइक की भीषण भिड़ंत में तीन युवकों की मौत, कई घायल


