कुलदीप बाथम
फर्रुखाबाद। मुरहास कन्हैया क्षेत्र में आज उस समय उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जब युवा उद्यमी दीपांशु कटियार और विक्की राजपूत द्वारा स्थापित “ब्लू ओसियन वाटर पार्क” का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में फीता काटकर वाटर पार्क का शुभारंभ किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, गणमान्य व्यक्तियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष फ़तेहचंद वर्मा, और संकिसा नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राहुल राजपूत बतौर अतिथि विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने अपने संबोधन में दीप्तांशु कटियार के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं का इस तरह आगे आकर रोजगार सृजन और क्षेत्र के विकास में योगदान देना सराहनीय है। उन्होंने कहा कि “ब्लू ओसियन वाटर पार्क” न केवल मनोरंजन का नया केंद्र बनेगा, बल्कि यह स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा करेगा।
कार्यक्रम में सबसे ज्यादा चर्चा श्री कटियार के विजन और मेहनत की रही। कम समय में उन्होंने जिस तरह इस बड़े प्रोजेक्ट को साकार किया, वह अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रहा है। उनका लक्ष्य सिर्फ एक वाटर पार्क खोलना नहीं, बल्कि फर्रुखाबाद को एक बेहतर मनोरंजन और पर्यटन पहचान दिलाना है।
बिक्की राजपूत और कटियार ने बताया कि इस वाटर पार्क को आधुनिक सुविधाओं और सुरक्षा मानकों के साथ तैयार किया गया है, ताकि परिवारों, बच्चों और युवाओं को एक सुरक्षित और शानदार अनुभव मिल सके। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यहां और भी नई सुविधाएं जोड़ी जाएंगी, जिससे यह क्षेत्र का प्रमुख आकर्षण केंद्र बन सके।
विक्की राजपूत ने भी इस मौके पर सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लोगों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
उद्घाटन समारोह के दौरान स्थानीय लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया और इस नए प्रतिष्ठान के शुभारंभ पर संचालकों को शुभकामनाएं दीं।
“ब्लू ओसियन वाटर पार्क” के शुरू होने से फर्रुखाबाद में मनोरंजन के नए विकल्प खुले हैं। साथ ही यह परियोजना क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को गति देने, पर्यटन को बढ़ावा देने और युवाओं को रोजगार प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


