27 C
Lucknow
Thursday, March 19, 2026

श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ, कलश यात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

Must read

मैनपुरी: जनपद के करहल क्षेत्र स्थित मोहल्ला काजी में वाग वृंदावन मंदिर परिसर में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में हुआ। कार्यक्रम के पहले दिन भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं और कन्याओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे क्षेत्र को भक्तिमय रंग में रंग दिया।

कलश यात्रा का शुभारंभ वाग वृंदावन मंदिर से हुआ, जहां से श्रद्धालु महिलाएं सिर पर कलश धारण कर बैंड-बाजों की मधुर धुन और “राधे-राधे” के जयकारों के साथ निकलीं। यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई पूरे नगर में भ्रमण करती रही, जिससे हर गली और चौराहे पर भक्तिमय माहौल देखने को मिला। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।

यात्रा के पुनः मंदिर परिसर पहुंचने पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से कलश स्थापना की गई, जिससे सात दिवसीय कथा का विधिवत शुभारंभ हुआ। कथा के प्रथम दिन व्यासपीठ से कथावाचक मनोज कुमार दीक्षित ने श्रीमद्भागवत के महात्म्य का विस्तृत वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और जीवन मूल्यों का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा सुनने मात्र से मनुष्य के जीवन के दुख दूर होते हैं और उसे आध्यात्मिक शांति प्राप्त होती है।

कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और सभी ने भक्ति भाव से कथा श्रवण किया। इस अवसर पर उमेश तिवारी, धनीराम मिश्रा, कमलेन्द्र यादव, सत्यभान श्रीवास्तव, रविन्द्र सिंह, कमला देवी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के भी समुचित इंतजाम किए गए थे। आयोजकों ने बताया कि सात दिनों तक प्रतिदिन कथा का आयोजन होगा, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ अर्जित करेंगे। यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक और सामाजिक एकता को भी मजबूत करने का कार्य कर रहा है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article