कासगंज: जनपद कासगंज के गंजडुंडवारा (Ganjdundwara) नगर स्थित पंचायती बाग में विराट हिंदू सम्मेलन (grand Hindu convention) का आयोजन शुरू हो गया है। विराट हिंदू सम्मेलन समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः नौ कुंडीय यज्ञ के साथ विधि-विधान से की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और नगरवासी शामिल हुए। यज्ञ स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
समिति अध्यक्ष विकास गुप्ता ने बताया कि यज्ञ के पश्चात हिंदू सम्मेलन का विधिवत शुभारंभ किया गया है। सम्मेलन में धर्म, संस्कृति और सामाजिक एकता से जुड़े विषयों पर चर्चा की जा रही है। कार्यक्रम को संबोधित करने के लिए प्रख्यात भागवत कथावाचक भागवत किंकर अनुराग शास्त्री मंच पर उपस्थित हैं, जिनके प्रवचनों को सुनने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुटी हुई है।
नगर कार्यवाह अरविंद वर्मा ने जानकारी दी कि सम्मेलन के समापन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। वहीं समाजसेवी ध्रुव महाजन और समिति के अर्चित चौहान ने बताया कि कार्यक्रम में नगर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंचे हैं।
आयोजकों के अनुसार सम्मेलन को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। पूरे कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और अनुशासन का माहौल बना हुआ है।


