शाहजहांपुर। होली पर निकलने वाले ऐतिहासिक बड़े लाट साहब के जुलूस की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार रामपुर से पहुंचे युवक को लाट साहब बनाया गया है, जिसकी खातिरदारी आयोजकों ने शुरू कर दी है। भैंसागाड़ी पर रखी जाने वाली कुर्सी को रंग-रोगन कर सजाया गया है। परंपरा के अनुसार कई स्थानों पर गुलाब के फूलों की वर्षा कर स्वागत भी किया जाएगा।
जुलूस चौकसी से प्रारंभ होकर करीब आठ किलोमीटर लंबा सफर तय करेगा। आयोजन को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। डीएम-एसपी ने आयोजकों के साथ रूट का निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की।
आयोजक संजय वर्मा ने बताया कि इस बार स्वागत के प्वाइंट बढ़ाए गए हैं। छोटे चौक, सीता की मठिया, किले पर, पूर्व मंत्री कृष्णाराज के आवास के पास, एवी रिच स्कूल, सपा कार्यालय, अंटा चौराहा, अस्पताल के निकट, कृष्णा नगर मंदिर और खिरनीबाग समेत कई स्थानों पर जुलूस पर फूल बरसाए जाएंगे। व्यापारी नेता अनीस खां सहित विभिन्न समाजों के लोग इसमें शामिल होंगे।
संवेदनशील और विवादित स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। जहां निर्माण सामग्री पड़ी थी, वहां टिनशेड लगाकर बैरिकेडिंग कराई गई है। सड़कों को दुरुस्त कराया गया है।
आयोजकों के अनुसार बड़े लाट साहब बने युवक का चिकित्सीय परीक्षण भी कराया जाएगा और एहतियातन एक अन्य व्यक्ति को रिजर्व में रखा गया है। होली के रंगों के बीच परंपरा, व्यंग्य और भाईचारे की मिसाल पेश करता यह जुलूस एक बार फिर शहर में आकर्षण का केंद्र बनेगा।


