मिर्ज़ापुर (शाहजहांपुर) डीएम साहब ! आपके अधीनस्थ अधिकारी/कर्मचारी मुख्यमंत्री के जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर की जाने वाली शिकायतों का फर्जी निस्तारण कर शासन प्रशासन को गुमराह कर रहे हैं। जिससे ग्रामीणों का मुख्यमंत्री समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली से विश्वास उठ गया है।
ऐसी ही एक शिकायत ब्लॉक स्तरीय ग्राम पंचायत मिर्ज़ापुर निवासी शिवशंकर दीक्षित पुत्र रामेश्वर दयाल दीक्षित ने मुख्यमंत्री हेल्प लाइन नंबर (1076) पर संदर्भ संख्या 92615200011857 तीन मार्च 2026 को शिकायत दर्ज करवाकर मिर्ज़ापुर कस्बे में कालीदेवी मंदिर सहित पूरे मोहल्ले में गंदगी से भरे नाले और कूड़े कचड़े के ढेर लगे होने से संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका व्यक्त की थी।
मिर्जापुर ब्लॉक के सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) ने उक्त शिकायत का निस्तारण ग्राम पंचायत अधिकारी मो0 आसिफ की फर्जी जांच आख्या और सफाईकर्मियों के सफाई करते हुए कहीं अन्यत्र के फोटो अपलोड कर कर दिया है। शिकायत के निस्तारण की जानकारी का मेसेज उसके मोबाइल पर आने पर हुई है। जबकि मोहल्ले में आज भी गंदगी के ढेर और चोक नालियां गंदगी से बज बजा रहीं हैं।
शिकायतकर्ता शिवशंकर दीक्षित सहित कई ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मुख्यमंत्री हेल्प लाइन नंबर 1076 (आईजीआरएस) पोर्टल पर की जाने वाली शिकायतों का फर्जी निस्तारण करने वाले मिर्जापुर ब्लॉक के सहायक विकास अधिकारी और मिर्जापुर ग्राम पंचायत के ग्राम पंचायत अधिकारी मो0 आसिफ के शिकायतों का फर्जी निस्तारण करने की जांच किसी उच्चाधिकारी से करवाकर सख्त कार्रवाई की जाय। जिससे ग्रामीणों के बीच शासन प्रशासन की विश्वसनीयता कायम रहे।


