इटावा
सफारी पार्क में सोमवार को एक खास और खुशियों भरा माहौल देखने को मिला, जब शेरनी नीरजा और बब्बर शेर कान्हा के तीनों शावकों का पहला जन्मदिन मनाया गया। इस अवसर पर सफारी पार्क प्रशासन की ओर से एक छोटा लेकिन उत्साहपूर्ण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें पार्क कर्मचारियों ने केक काटकर शावकों का जन्मदिन मनाया और उनके स्वस्थ व सुरक्षित विकास पर संतोष जताया। इस खास मौके पर पार्क में मौजूद कर्मचारियों के चेहरे पर भी खुशी साफ दिखाई दी।
तीनों शावकों के एक वर्ष पूरे होने की खबर से सफारी पार्क में आने वाले पर्यटकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। कई पर्यटक इन शावकों को देखने के लिए ब्रीडिंग सेंटर के पास पहुंचे और उनकी गतिविधियों को बड़े उत्साह के साथ देखा। पार्क प्रशासन का कहना है कि इन शावकों के जन्म के बाद से ही पर्यटकों के आकर्षण में भी बढ़ोतरी हुई है और लोग खास तौर पर उन्हें देखने के लिए सफारी पार्क पहुंच रहे हैं।
सफारी पार्क प्रशासन के अनुसार शेरनी नीरजा ने 16 मार्च 2025 को तीन शावकों को जन्म दिया था। जन्म के बाद शुरुआती लगभग छह महीने तक शेरनी ने अपने बच्चों की स्वयं देखभाल की और उन्हें पूरी तरह सुरक्षित रखा। इस दौरान शावक अपनी मां के साथ ही रहे और धीरे-धीरे बड़े होते रहे। इसके बाद सुरक्षा और बेहतर देखरेख को ध्यान में रखते हुए तीनों शावकों को उनकी मां से अलग कर ब्रीडिंग सेंटर के दूसरे हाउस में रखा गया, जहां उनकी नियमित निगरानी, स्वास्थ्य परीक्षण और खान-पान की व्यवस्था की जा रही है।
सफारी पार्क के अधिकारियों ने बताया कि जब शेरनी नीरजा ने पहली बार शावकों को जन्म दिया था, तब उसने उन्हें दूध नहीं पिलाया था। उस समय स्थिति थोड़ी चुनौतीपूर्ण हो गई थी। ऐसे में पार्क के कीपर आसिफ और अजय सिंह ने जिम्मेदारी संभालते हुए शावकों की देखभाल की और उन्हें सुरक्षित रखने के लिए विशेष प्रयास किए। दोनों कीपरों ने दिन-रात मेहनत कर शावकों का पालन-पोषण किया और उन्हें स्वस्थ रखा। हालांकि दूसरी बार नीरजा ने अपने शावकों की अच्छी तरह से देखभाल की और उन्हें पूरी तरह सुरक्षित रखा।
सफारी पार्क प्रशासन ने तीनों शावकों के नाम भी रखे हैं। इनमें एक नर शावक का नाम नीक रखा गया है, जबकि दो मादा शावकों के नाम निक्की और किन्नी हैं। सोमवार को इन तीनों का पहला जन्मदिन पार्क परिसर में केक काटकर मनाया गया। इस दौरान पार्क कर्मचारियों ने शावकों के अच्छे स्वास्थ्य और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
इसी ब्रीडिंग सेंटर में शेरनी नीरजा से 31 मई 2024 को जन्मी दो अन्य शेरनियां आशी और जया भी रखी गई हैं। इनकी देखभाल भी सफारी पार्क प्रशासन द्वारा नियमित रूप से की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सफारी पार्क में सभी वन्यजीवों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है और विशेषज्ञों की टीम लगातार उनकी निगरानी करती रहती है।
पार्क प्रशासन का मानना है कि इन शावकों का स्वस्थ विकास वन्यजीव संरक्षण के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। आने वाले समय में ये शावक इटावा सफारी पार्क की पहचान और आकर्षण को और बढ़ाएंगे, जिससे पर्यटकों की संख्या में भी इजाफा होने की उम्मीद है


