शाहजहांपुर। कोतवाली कांट क्षेत्र के कुरिया कलां स्थित सिद्ध एवं प्राचीन देवी मंदिर एक बार फिर श्रद्धा, आस्था और भक्ति के रंग में सराबोर होने जा रहा है। यहां आयोजित होने वाला प्रसिद्ध देवी मेला 27 मार्च (शुक्रवार) से प्रारंभ होकर 29 मार्च (रविवार) को दोपहर 3 बजे तक चलेगा। मंदिर के कपाट 27 मार्च को प्रातः 4 बजे विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। तीन दिनों तक चलने वाले इस मेले में दूर-दराज से भारी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना है, जिससे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण रहेगा। मंदिर के पुजारी गुरुदेव प्रसाद दीक्षित ने बताया कि मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। प्रशासन भी भीड़ को देखते हुए सतर्क है। हर वर्ष की तरह इस बार भी देवी भक्तों का जनसैलाब उमड़ने की उम्मीद है, जिससे पूरा क्षेत्र “जय माता दी” के जयकारों से गूंज उठेगा।


