शाहजहांपुर: शाहजहांपुर के थाना सदर बाजार क्षेत्र के लाला तेली बजरिया स्थित कब्रिस्तान में एक कुत्ते को डंडों से पीटने के मामले में पुलिस ने पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह कार्रवाई जीव सहयोग फाउंडेशन के संस्थापक पीयूष पांडेय की शिकायत पर की गई है। पीयूष पांडेय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनसे करन नाम के एक बच्चे ने संपर्क किया था। करन ने उन्हें घटना से जुड़ा एक वीडियो भेजा, जिसमें कुछ लोग कुत्ते के साथ बेरहमी करते दिखाई दे रहे हैं। करन ने मामले में कार्रवाई कराने के लिए मदद मांगी थी।
बताया गया कि यह घटना 7 मार्च की है। करन अपने कुत्ते को टहलाने के लिए घर से बाहर निकला था। इसी दौरान कुत्ता रस्सी से छूटकर पास के कब्रिस्तान में चला गया। उस समय वहां पहले से पांच लोग मौजूद थे। आरोप है कि उन लोगों ने कब्रिस्तान का गेट बंद कर कुत्ते को अंदर ही रोक लिया और उसे मारने के लिए उसके पीछे दौड़ने लगे। करन पास की एक छत पर चढ़ गया, जहां से कब्रिस्तान के अंदर का दृश्य साफ दिखाई दे रहा था। उसने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पांच लोग हाथों में डंडे लेकर कुत्ते को पीट रहे हैं। कुत्ता दर्द से चिल्लाते हुए खुद को बचाने की कोशिश कर रहा था। जब वह बचने के लिए चारपाई के नीचे छिप गया तो आरोपियों ने चारपाई हटा दी और उसे प्लास्टिक के बोरे में भरकर पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि मारपीट के दौरान कुत्ते की मौत हो गई, जिसके बाद आरोपी उसका शव वहां से उठाकर ले गए।
थाना प्रभारी ब्रजेश सिंह ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।


