फर्रुखाबाद: जिलाधिकारी (DM) डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी ने नगर क्षेत्र की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका कार्यालय (municipal office) फर्रुखाबाद का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय अभिलेखों के रख-रखाव, कर वसूली की स्थिति, जन्म–मृत्यु पंजीकरण व्यवस्था, निर्माण कार्यों की प्रगति तथा स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने कार्यालय में संचालित जनसुनवाई व्यवस्था का भी अवलोकन किया और स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कर वसूली की समीक्षा के दौरान उन्होंने लक्ष्य के सापेक्ष वसूली बढ़ाने के निर्देश देते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही कार्यालय अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने, साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा निष्प्रयोज्य वाहनों का मूल्यांकन कराकर उनकी नीलामी की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने टाइड एवं अनटाइड ग्रांट का शत-प्रतिशत उपभोग सुनिश्चित करने तथा कार्यालय परिसर में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुँचना चाहिए, इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


