फर्रुखाबाद। कायमगंज नगर क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने शनिवार को नगर पालिका परिषद कायमगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर पालिका कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, कार्यालय परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था तथा नगरवासियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर पालिका कार्यालय के विभिन्न अनुभागों का अवलोकन किया और कर वसूली, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गमन, नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था तथा पेयजल आपूर्ति से संबंधित अभिलेखों की बारीकी से जांच की। उन्होंने अधिशासी अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि नगर क्षेत्र में नियमित रूप से साफ-सफाई कराई जाए और नालियों की समय-समय पर सफाई सुनिश्चित की जाए, जिससे बरसात के समय जलभराव जैसी समस्या उत्पन्न न हो और लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां-जहां स्ट्रीट लाइट खराब हैं उन्हें तत्काल ठीक कराया जाए, ताकि रात के समय नगरवासियों को आवागमन में कोई परेशानी न हो। साथ ही उन्होंने नगर पालिका द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर देते हुए कहा कि आम जनता को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है, इसलिए इस दिशा में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के सभागार में सीपेज की समस्या भी सामने आई। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कराकर समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए। वहीं कार्यालय परिसर में साफ-सफाई की स्थिति औसत पाए जाने पर उन्होंने व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की हिदायत दी।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी कायमगंज, नगर पालिका अध्यक्ष कायमगंज, तहसीलदार कायमगंज सहित नगर पालिका के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने जिलाधिकारी को नगर क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं से संबंधित जानकारी भी दी।


