26 C
Lucknow
Tuesday, February 10, 2026

क्षेत्रीय निवासियों के लिए परेशानी का सबब बना दुर्दशाग्रस्त मार्ग और टूटी पुलिया

Must read

– सड़क और पुलिया की जर्जर हालत ने बढ़ाई परेशानी, बीमार हो रहे बच्चे, जनप्रतिनिधि मौन

फर्रुखाबाद। नगर के पॉश क्षेत्र माने जाने वाले आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-1 में स्थित सेंट जेवियर स्कूल के पास की सड़क इन दिनों क्षेत्रीय नागरिकों के लिए भारी मुसीबत बनी हुई है। खासकर टूटी हुई पुलिया और गड्ढों से भरी सड़क से होकर गुजरना न केवल दिक्कतों भरा है, बल्कि बच्चों और बुजुर्गों के लिए जानलेवा भी साबित हो रहा है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि टूटी पुलिया के पास गंदा पानी भरा रहता है, जिससे होकर प्रतिदिन स्कूली बच्चों को गुजरना पड़ता है। इससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा बना हुआ है। कई बार बच्चे और राहगीर इस नाली में गिर भी चुके हैं। स्थानीय लोग बताते हैं कि इस समस्या की शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला।

स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि एक वर्ष बीत गया, लेकिन आवास विकास के सभासद आंखों पर पट्टी बांधे बैठे हैं। जनता का आरोप है कि चुनाव आते ही नेता घर-घर वोट मांगने जरूर आते हैं, लेकिन समस्याओं के स्थायी समाधान की ओर कोई ध्यान नहीं देता।

क्षेत्रीय निवासियों ने स्पष्ट तौर पर चेतावनी दी है कि यदि समय रहते नगर पालिका और जनप्रतिनिधि चेते नहीं, तो आगामी 2027 के चुनाव में जनता एक ईमानदार, समस्याओं को समझने और हल करने वाले अध्यक्ष को चुनेगी। उनका कहना है कि अब जनता को दिखावटी नहीं, बल्कि काम करने वाला नेतृत्व चाहिए जो जल, बिजली, सड़क, सफाई जैसे मूलभूत मुद्दों को प्राथमिकता दे।

लोगों ने यह भी बताया कि आवास विकास कॉलोनी में पालिका द्वारा बनाए गए कई पार्क और सड़कें सफेद हाथी साबित हो रही हैं। कहीं पर गंदगी का अंबार है तो कहीं सफाईकर्मी समय से नहीं आते। नगर पालिका की लापरवाही के कारण कॉलोनी की सुंदरता और सुविधा दोनों ही खत्म होती जा रही हैं। क्षेत्रीय नागरिकों की आवाज़ अब तेज हो रही है और यदि जल्द ही इस सड़क और पुलिया की मरम्मत नहीं हुई तो यह मुद्दा आने वाले नगर निकाय चुनावों में प्रमुख भूमिका निभा सकता है। जनता अब केवल वादे नहीं, काम देखना चाहती है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article