– योगी सरकार की ब्याज- मुक्त ऋण योजना से जिले के युवा बन रहे हैं आत्मनिर्भर और जॉब क्रिएटर
– स्वावलंबन की दौड़ में आगे आईं महिलाएं, 858 महिला आवेदकों ने चुनी स्वरोजगार की राह
आगरा। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें ‘जॉब सीकर’ के बजाय ‘जॉब क्रिएटर’ बनाने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल कर रही है। आगरा जनपद में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना युवाओं के सपनों को नई उड़ान दे रही है। वर्ष 2025-26 के आंकड़ों के अनुसार, जिले के हजारों युवाओं ने इस योजना के माध्यम से अपने सूक्ष्म उद्यम स्थापित करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं।
₹5 लाख तक का ब्याज मुक्त ऋण, युवाओं के लिए बना वरदान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा 24 जनवरी 2025 को शुरू की गई इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत युवाओं को ₹5 लाख तक का ब्याज मुक्त और गारंटी मुक्त ऋण प्रदान किया जा रहा है।
आगरा जनपद में इस वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 2950 युवाओं ने आवेदन किया, जिनमें से 2604 आवेदनों को प्रशासन द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई। इनमें से 2502 लाभार्थियों को 1131.16 लाख रुपये की मार्जिन मनी (वित्तीय सहायता) वितरित की जा चुकी है, जिससे जिले में छोटे उद्योगों का जाल बिछ रहा है।
महिलाओं की बढ़ती भागीदारी, सशक्त हो रहीं बेटियां
आगरा में इस योजना का लाभ उठाने में महिलाएं भी पीछे नहीं हैं। कुल आवेदकों में 1644 पुरुष और 858 महिलाएं शामिल हैं। महिलाओं की इतनी बड़ी संख्या में भागीदारी यह दर्शाती है कि योगी सरकार की नीतियां नारी शक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में सफल सिद्ध हो रही हैं। 07 मार्च 2025 को आगरा में आयोजित भव्य कार्यक्रम में खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1000 युवाओं को ऋण और टूल किट वितरित कर इस अभियान को गति दी थी, जिसका सकारात्मक परिणाम आज धरातल पर दिख रहा है।
ग्रामीण और शहरी युवाओं को मिल रहा सीधा लाभ
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के तहत पारदर्शी प्रक्रिया और बिना किसी बैंक गारंटी के मिलने वाली मदद ने युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ाया है। अब युवा अपने हुनर के दम पर खुद की इकाई (यूनिट्स) लगा रहे हैं, जिससे न केवल उनकी आर्थिक स्थिति सुधर रही है बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं।
सूक्ष्म उद्यमों से सुधरेगी स्थानीय अर्थव्यवस्था
योजना के अंतर्गत युवा अपने छोटे उद्योग जैसे मैन्युफैक्चरिंग, सर्विस सेक्टर या ट्रेडिंग का काम शुरू कर रहे हैं। इससे न केवल उनकी अपनी आय बढ़ रही है, बल्कि वे स्थानीय स्तर पर अन्य लोगों को भी रोजगार प्रदान कर रहे हैं। पारदर्शी आवेदन प्रक्रिया और त्वरित निस्तारण के चलते युवाओं का भरोसा इस योजना पर लगातार बढ़ रहा है।
वर्जन:-
युवाओं के लिए स्वर्णिम अवसर
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना आगरा के युवाओं के लिए गेम चेंजर साबित हो रही है। हम आवेदन से लेकर ऋण वितरण तक की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सुगम बना रहे हैं। 2500 से अधिक युवाओं को 1131.16 लाख रुपये की मार्जिन मनी (वित्तीय सहायता) दी जा चुकी है। हमारा विशेष फोकस महिला उद्यमियों और नवाचारी आइडिया वाले युवाओं पर है। जो युवा अपना काम शुरू करना चाहते हैं, उनके लिए यह एक स्वर्णिम अवसर है।
– सौम्या आर्य, सहायक आयुक्त उद्योग


