23 C
Lucknow
Saturday, April 4, 2026

पेड़ से लटका मिला युवक का शव, प्रेम प्रसंग और हत्या की आशंका के बीच जांच तेज

Must read

 

एटा
अलीगंज क्षेत्र में शनिवार सुबह एक युवक का शव आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना थाना जसरथपुर क्षेत्र के नथुआपुर तिराहे के पास हुई, जहां सुबह करीब 7 बजे पुलिस को सूचना मिली कि शराब के ठेके के पीछे स्थित बाग में एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर जांच शुरू की।

मौके पर मिले एक बैग की तलाशी लेने पर उसमें रखे आधार कार्ड से युवक की पहचान 20 वर्षीय राहुल, निवासी ग्राम नयागांव थाना मेरापुर जनपद फर्रुखाबाद के रूप में हुई। पुलिस ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया, जिन्होंने साक्ष्य जुटाए।

घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस जांच में यह सामने आया है कि युवक ने मौत से पहले अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर तीन वीडियो पोस्ट किए थे। इन वीडियो में वह गानों पर रोता हुआ दिखाई दे रहा है और उसके हाथ में एक युवती के साथ फोटो भी है। बताया जा रहा है कि उसी रस्सी से उसने फंदा लगाया, जो वीडियो में उसके हाथ में नजर आ रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक का पास के ही एक गांव की युवती से प्रेम संबंध था, जहां उसकी बहन की शादी हुई है। माना जा रहा है कि वह प्रेम प्रसंग को लेकर मानसिक रूप से परेशान था। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो भी इसी ओर इशारा करते हैं, जिसमें वह भावुक अवस्था में दिखाई दे रहा है।

हालांकि, मृतक के परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि राहुल की हत्या कर उसके शव को पेड़ से लटकाया गया है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है, जिससे सच्चाई सामने आ सके।

पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह ने बताया कि युवक के मोबाइल फोन से मिले वीडियो और प्रारंभिक जांच के आधार पर मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी आना बताया गया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है, ताकि घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article