शाहजहांपुर। थाना तिलहर क्षेत्र के गांव चिट्ठीबोजी घनश्यामपुर के पास गर्रा नदी में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर उसकी पहचान कराई। मृतक की पहचान थाना कटरा क्षेत्र के गांव मोहनपुर निवासी सुधीर (22) पुत्र महेंद्र के रूप में हुई है। बताया गया कि युवक 2 अप्रैल को शाम करीब 5:30 बजे से लापता था। परिजनों ने उसी दिन थाना कटरा में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। रविवार को ग्रामीणों ने नदी में शव उतराता देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। वहीं, युवक का शव मिलने से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।


